संवाददाता@विशाल टंडन…..
— चतरा ब्लॉक में 98 गर्भवती महिलाओं को वितरित की गई निःशुल्क पोषण पोटली

विकास खण्ड चतरा सभागार में गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुंज इनोवेशन ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के उपक्रम नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट्स फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, दिल्ली के सीएसआर सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी (आईएएस) ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के आयोजन में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सीडीओ ने गर्भावस्था के दौरान पहले 1000 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए महिलाओं से पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

इस अवसर पर 98 गर्भवती महिलाओं को मूंगफली, सोयाबीन, राजमा, गुड़ और लाई सहित पोषक खाद्य सामग्री से युक्त पोषण पोटलियां वितरित की गईं।उपायुक्त स्वतः रोजगार सरिता सिंह ने महिलाओं को गर्भावस्था के नौ माह तक संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी, जबकि एमओआईसी चतरा ने टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट्स फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के उप प्रबंधक रविंद्र नाथ गौण ने बताया कि कुल 250 महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की जानी है, जिसके तहत प्रथम चरण में 98 गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी पोस्टर और लीफलेट भी वितरित किए गए। ट्रस्ट की पदाधिकारी संजू कुशवाहा एवं मृत्युंजय ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए यह पहल निरंतर जारी रहेगी।





