संवाददाता@मनीष कुमार…..

दुद्धी पुलिस ने सरकारी अस्पताल से मोबाइल और लैपटॉप चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं 2 लैपटॉप बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को सरकारी अस्पताल दुद्धी से तीन सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले में थाना दुद्धी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान Yaksh ऐप के माध्यम से सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम निवासी ग्राम बीडर, थाना दुद्धी के रूप में हुई।

इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रजखड़ तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के 9 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस अधिनियम, आबकारी अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।





