संवाददाता@संजय सिंह…..

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज,चुर्क सोनभद्र में आयोजित एक माह की ग्रीष्मकालीन “सर्किट टू चिप” इंटर्नशिप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों के 60 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. के.एस. वर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप के दौरान अर्जित तकनीकी कौशल का उपयोग भविष्य की वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने में करें। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) पर सर्किट डिजाइन एवं प्रिंटिंग, डिजिटल सर्किट की डिजाइनिंग एवं उनके अनुप्रयोग, बोर्ड पर परीक्षण (वेरिफिकेशन) तथा एंटीना डिजाइन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज के डॉ. धर्मेंद्र दीक्षित एवं डॉ. आनंद शर्मा ने अपने व्याख्यान दिए। वहीं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के डॉ. नरेंद्र ने डिवाइस मॉडलिंग विषय पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. प्रशांत पाण्डेय ने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान कुल 48 तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं चिप डिजाइन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-समन्वयक श्री सिकंदर, विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. त्रिपाठी, अधिष्ठाता (शैक्षणिक) डॉ. हिमांशु, डॉ. पी.के. वर्मा, डॉ. अभिनव तथा श्री दीपक का विशेष योगदान रहा।





