संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर स्थित आश्रम मोड़ के पास रविवार रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने तिलक समारोह से लौट रही मैजिक वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन में सवार लोग रन्नू गांव से एक तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आश्रम मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मैजिक चालक नीरज कुमार (20 वर्ष) पुत्र बुढ़ाराम निवासी खेहरही गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मुन्नीलाल (21 वर्ष) पुत्र हरदेव निवासी रसपहरी तथा राम नारायण (35 वर्ष) पुत्र बुधन को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल नीरज कुमार को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





