संवाददाता@मोहम्मद इब्राहिम…..

स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 स्थित दो स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष एवं राज्यपाल द्वारा नामित सदस्यों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया गया।
बताया गया कि बीयार टोला और मुस्लिम बस्ती की गलियों में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखा गया। नगरवासियों ने कहा कि वार्ड नंबर 4 में काफी समय से सड़क निर्माण नहीं हो पाया था, लेकिन वर्तमान कार्यकाल में नगर पंचायत द्वारा कई विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत नगर पंचायत क्षेत्र की कई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ अन्य प्रस्तावित सड़कों के लिए भी पत्राचार किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर पंचायत क्षेत्र की जर्जर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि आज वार्ड नंबर 4 की दो सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी। इस अवसर पर सभासद सुमित सोनी, पूजा कश्यप, धनंजय रावत, राकेश कुमार, मोनू सिंह, अंकित जौहरी एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।