संवाददाता@विशाल टंडन…..

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना रॉबर्ट्सगंज स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित इस परामर्श सत्र में कुल 08 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।
विस्तृत सुनवाई और समझाइश के बाद 06 मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके बाद सुलह-समझौता कराकर परिवारों में पुनः सौहार्दपूर्ण माहौल स्थापित कराया गया। वहीं एक मामले में अगली सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई, जबकि एक अन्य प्रकरण में थाना स्थानीय पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

महिला थाना रॉबर्ट्सगंज द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार परामर्श केंद्र की यह पहल टूटते रिश्तों को जोड़ने और परिवारों में विश्वास बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।