संवाददाता@विशाल टंडन…..

रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के चुर्क मंडल अंतर्गत मुसही गांव में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा ने समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ‘जन आक्रोश अभियान’ के तहत सैकड़ों महिलाओं ने धरना देकर सपा और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें महिला विरोधी बताया। प्रदर्शन के दौरान “सपा सांसद हाय-हाय” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) का विरोध किया है, जो महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि भाजपा सरकार 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है और विपक्ष इसका राजनीतिक विरोध कर रहा है।

वहीं भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद कर रही हैं। विधानसभा संयोजक कुसुम शर्मा और जिला मंत्री मंजू गिरी ने भी विपक्षी दलों पर महिलाओं के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रमिला त्रिपाठी ने किया। इस दौरान अजीत रावत, मीरा यादव, गुड़िया त्रिपाठी, मीनू चौबे सहित कई महिला पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं। दूसरी ओर, सपा कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी के कारण क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया।

सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा पहले ही लागू हो चुका है और भाजपा इसे राजनीतिक लाभ के लिए उठा रही है। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन की जीत का दावा भी किया। इस प्रदर्शन के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम बना हुआ है।