संवाददाता@विशाल टंडन…..

विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व में उठाए गए मामलों की समीक्षा के साथ नए सुझाव भी रखे गए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि मिर्जापुर डिपो की रोडवेज बसों का फ्लाईओवर के नीचे से संचालन बंद कर पुनः डिपो से संचालन कराने के निर्णय का व्यापारियों ने स्वागत किया। बैठक में निजी विद्यालयों द्वारा महंगी पुस्तकों की अनिवार्यता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कौशल शर्मा ने कहा कि सीबीएसई विद्यालयों में एनसीईआरटी पुस्तकों के स्थान पर एक ही दुकान से कई गुना अधिक कीमत पर पुस्तकें खरीदने का दबाव बनाया जाता है।

उन्होंने मांग की कि स्कूल खुलने से पहले सभी विद्यालय अपनी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर कक्षा, विषय, प्रकाशक तथा पुस्तकों का मूल्य प्रदर्शित करें तथा इसकी प्रति बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद संशोधित सूची जारी न की जाए। उन्होंने औद्योगिक प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विभिन्न रिपोर्टों में सोनभद्र के औद्योगिक क्षेत्रों में पारे (मरकरी) के बढ़ते स्तर को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।
उन्होंने बताया कि अनपरा, ओबरा, शक्तिनगर, बीजपुर और रेणुकूट क्षेत्र में पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ज्ञापन के माध्यम से इन क्षेत्रों में स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई।

बैठक में शरद जायसवाल, विनय जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, नरेंद्र गर्ग, विमल अग्रवाल, मनोज जालान, नवल बाजपेयी, राजेश गुप्ता, धीरेन जायसवाल, हाजी सलीम हुसैन सहित व्यापार संगठन के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






