संवाददाता@विशाल टंडन……

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह के आदेश पर शुक्रवार को साईं हॉस्पिटल, रॉबर्ट्सगंज में इंटरनेशनल डे अगेंस्ट ड्रग एब्यूज एंड इलिसिट ट्रैफिकिंग के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) राहुल ने किया।

शिविर में चीफ एलएडीसी शमशेर बहादुर सिंह, साईं हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. संजय सिंह, डॉ. किरण सिंह, डॉ. रोजी सिंह, पराविधिक स्वयंसेवक दीपन कुमार सहित करीब 50 लोग एवं युवाओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य संबंधी जोखिम, नशे की लत से बचाव, उपचार, पुनर्वास, निःशुल्क विधिक सहायता तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। शमशेर बहादुर सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है तथा कई बार अपराध का कारण भी बनता है।

इसी क्रम में सचिव ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में 46 वृद्धजन मौजूद मिले। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007, माता-पिता के भरण-पोषण संबंधी प्रावधानों, वृद्धावस्था पेंशन तथा चिकित्सा योजनाओं की जानकारी देकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इसकी जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र श्री राहुल ने दी।





