@जे0 के0……

Sonbhadra । दुद्धी में सील किए गए अस्पताल के पीछे के रास्ते से इलाज किए जाने की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य गेट सील मिला, जबकि पीछे का दरवाजा खुला होने से चोरी-छिपे अस्पताल संचालित किए जाने की आशंका जताई गई। इसके बाद टीम ने अस्पताल को दोबारा बड़े ताले से सील कर दिया।
संयुक्त टीम में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम और इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे। जांच के दौरान अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं मिला, हालांकि अस्पताल से सटे एक कमरे में एक मरीज मिलने की बात सामने आई।

जांच में यह भी पता चला कि सील अस्पताल से जुड़ा एक मेडिकल स्टोर है और अस्पताल व मेडिकल स्टोर का रास्ता एक ही है। इसे देखते हुए टीम ने पहले से लगे छोटे ताले को हटाकर बड़े ताले से अस्पताल को पुनः सील कर दिया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम ने बताया कि सील अस्पताल में इलाज किए जाने की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। जांच के बाद अस्पताल को दोबारा सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई है और इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
कार्रवाई के दौरान कस्बा इंचार्ज अमित कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।





