मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..जर्जर तार, ढीले कनेक्शन और खराब उपकरणों की होगी जांच, बार-बार फाल्ट वाले क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता

विद्युत वितरण खंड रॉबर्ट्सगंज की ओर से बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 15 सितंबर से विशेष अनुरक्षण माह अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 14 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत विभागीय टीमें गली-मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच करेंगी।

अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गर्मी में बिजली का लोड बढ़ने और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली व भारी बारिश के कारण विद्युत उपकरणों में खराबी आ जाती है। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान की शुरुआत विद्युत उपकेंद्रों से की जाएगी। इसके बाद बार-बार बिजली बाधित होने वाले क्षेत्रों, ट्रिपिंग वाले फीडरों और ट्रांसफार्मर की समस्याओं को चिह्नित कर उनका समाधान कराया जाएगा। 33 केवी और 11 केवी लाइनों के साथ एलटी लाइन, जर्जर तार, ढीले कनेक्शन और खराब विद्युत उपकरणों की भी जांच होगी। जरूरत पड़ने पर जर्जर तार और खराब उपकरण बदले जाएंगे।

ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बार-बार फाल्ट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी भी की जाएगी।

अनुरक्षण कार्य के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी उपभोक्ताओं को समाचार पत्रों के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली संबंधी समस्याओं की जानकारी विभाग को देने की अपील की, ताकि समय से उनका समाधान कराया जा सके।

