संवाददाता@आनंद गुप्ता…….

दुद्धी ब्लॉक के महुली क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत पेयजल को लेकर सामने आ रही है, क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की व्यवस्था विद्युत चालित मोटरों पर निर्भर है। बिजली न होने के कारण लोग दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तीन दिन बीत जाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों का संपर्क भी बाधित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी कमलेश कुमार कनौजिया ने बताया कि “तीन दिनों से बिजली पूरी तरह गायब है, लेकिन इसके बावजूद स्मार्ट मीटर के माध्यम से 185 और 155 रुपये कटने का मैसेज आ गया है, जो समझ से परे है।” उन्होंने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बिजली ही नहीं मिल रही तो पैसे किस बात के काटे जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने और स्मार्ट मीटर की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की है।