मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को नगर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की बुनियाद माना था। स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए।

नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि स्वच्छ नगर के निर्माण में नगर पालिका के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। नागरिकों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी जागरूक करने की जरूरत है।

काशी क्षेत्र भाजपा के महामंत्री अजीत रावत ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता तथा शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में योगदान करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम में विनय श्रीवास्तव, अमन मौर्या, राज नारायण तिवारी, रीता गुप्ता, आलोक रावत, देव मिश्रा, संतोष भारती, धीरेन्द्र पांडेय, रंजन पाण्डेय, अनुराग बंटी, मनोज पासी और राकेश सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
