संवाददाता@रामबली मिश्रा……

बीजपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी, रिहंदनगर में आयोजित डीएवी जोनल स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ सोनशक्ति स्टेडियम में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी रिहंदनगर के परियोजना प्रमुख सह कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने किया। इस अवसर पर डीएवी यूपी जोन- डी की एआरओ संध्या पांडे भी उपस्थित रहीं। इस जोनल स्पोर्ट्स मीट में सोनभद्र जनपद के सभी डीएवी विद्यालयों की 361 बालिकाएँ भाग ले रही हैं।
त्रिदिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन छह अगस्त को होना है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं के प्रतिभागी अपने खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं अन्य डीएवी स्कूल से आए प्रतिभागियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। तदुपरांत मुख्य अतिथि द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर विद्यालय की हेड गर्ल दुर्गा को सौंप दिया गया।

नेशनल खेलने वाली विद्यालय की छात्राओं ने मशाल के साथ संपूर्ण स्टेडियम का चक्कर लगाया। तत्पश्चात प्राचार्य राजकुमार ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए एनटीपीसी प्रबंधन विशेष रूप से विद्यालय के चेयरमैन परियोजना प्रमुख कार्यकारी निदेशक संजय असाटी , मानव संसाधन विभाग एवं टीएसी विभाग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपके सहयोग से हीं यह स्पोर्ट्स मीट संभव हो सका है। उन्होंने विद्यालय की मैनेजर/एआरओ संध्या पांडे के प्रति भी विशेष आभार प्रकट किया। प्राचार्य राजकुमार ने सभी विशिष्ट अतिथियों का भी स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खेल शुरू करने की घोषणा की। खेल की शुरुआत हिंदुस्तान की लोकप्रिय खेल कबड्डी से किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला। टॉस के द्वारा मैच की शुरुआत हुई। डीएवी राबर्टसगंज और डीएवी परासी के अंडर सेवैंटिन बालिकाओं के बीच प्रथम मैच खेला गया जिसमें परासी की टीम तीन अंकों से विजय प्राप्त कर सफलता हासिल की।
डीएवी जोनल स्पोर्ट्स मीट के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विजेता प्रतिभागी आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होंगे। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोइपाई, अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, एसी सीआईएसएफ पुजारी शिवा राव, उपप्रबंधक रोशन कुमार, डीएवी परासी की प्रिंसिपल रचना दुबे, डीएवी अनपरा की प्रिंसिपल दीपा शर्मा, इंचार्ज प्रिंसिपल दीपा पांडे, इंचार्ज प्रिंसिपल हरिकेश यादव, एसजेएस के प्राचार्य रोनाल्ड नोरोहा, बीजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, विभिन्न समाचार-पत्रों के पत्रकार एवं सैकड़ों अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।





