संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रंटोला गांव के समीप गुरुवार की दोपहर बाद दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय बारिश हो रही थी। इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक रायगढ़ से घरेलू सामान लेकर राजस्थान जा रहा था।
ट्रक चालक ताहिर पुत्र जाकिर निवासी भरतपुर (राजस्थान) ने बताया कि ढलान होने के कारण उसने सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन बारिश के चलते वाहन फिसल गया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला दूसरा ट्रक चालक वाहन को बैक कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में ताहिर के माथे और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए भिजवाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो गया था, जिससे जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को किनारे कराया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।