संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…….

पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह हुए सड़क हादसे में ऑटो सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। मिली जानकारी के अनुसार अनपरा थाना क्षेत्र के सिधहवा से कुछ लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर ऑटो से अपने घर गुरमुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार सब्जी लदी पिकअप वाहन ऑटो को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे ऑटो में किनारे बैठे कुछ लोगों को चोटें आईं।
हादसे में गुरमुरा निवासी अनिल कुमार (16) पुत्र भोला सिंह के सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे में घायलों को तुरंत हिंडालको अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।