चोपन/सोनभद्र.@कृपा शंकर पांडेय…….

मिशन शक्ति 5.0 (फेज-II) के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुद्वारा इंटरमीडिएट कॉलेज, चोपन में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात एवं सहायक नोडल अधिकारी मिशन शक्ति अभियान डॉ. चारु द्विवेदी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक चोपन अखिलेश कुमार मिश्रा, महिला कांस्टेबल प्राची शुक्ला एवं महिला कांस्टेबल शैलजा सिंह की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि जागरूकता का दायरा व्यापक हो सके।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया तथा आत्मरक्षा के उपाय बताए गए। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक लघु फिल्म का प्रदर्शन रहा, जिसके माध्यम से छात्राओं को सरल और प्रभावी तरीके से सुरक्षा संबंधी संदेश दिए गए। फिल्म के जरिए साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद भर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।