मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……

गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” एवं “कन्या भ्रूण हत्या” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आदर्श इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक में छात्राओं रानी, आरुषि, अदिति, उजमा और नंदिनी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और समाज को एक सशक्त संदेश दिया।
यह कार्यक्रम चाइल्ड हेल्पलाइन तथा महिला थाना के संयुक्त सहयोग से नगर के प्रमुख स्थानों बढ़ौली चौराहा और शीतला मंदिर चौराहा पर आयोजित किया गया। राहगीरों की अच्छी-खासी भीड़ ने नाटक को देखा और सराहा। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए बेटियों के महत्व को उजागर किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला थाना प्रभारी सविता सरोज, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार के निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन से सीमा शर्मा, अमन सोनकर, रविन्द्र कुमार तथा विद्यालय से डॉ. मंजू सिंह, शिवमणि और विनीत कुमार पांडेय का विशेष सहयोग रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने तथा उनकी शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।