अनपरा/सोनभद्र.@उमेश सिंह……
— रात 2 से 4 बजे के बीच वारदात, सोते रहे घरवाले; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अनपरा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान पार कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अनपरा, वार्ड संख्या-3 निवासी रामबचन के घर में बीती रात लगभग 2 बजे से 4 बजे के बीच चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। चोर बड़ी ही शातिराना ढंग से घर में घुसे और बिना किसी को भनक लगे अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्से खुले हुए थे।जांच करने पर पता चला कि घर से सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान के आभूषण, चांदी के पायल-पाजेब सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है।पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।घटना की सूचना तत्काल थाना अनपरा पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित द्वारा थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस को गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।