मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित आरओ पानी टंकी के पास हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की नकदी, चांदी की पायल सहित अन्य सामान बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-4 निवासी लाजो पत्नी स्वर्गीय राजा ने 30 जुलाई को ओबरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि 30 जुलाई की भोर करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके मकान की दीवार तोड़कर घर में घुस गए और ₹3,500 नकद तथा एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के निर्देशन में ओबरा पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी प्रवीण उर्फ बल्ली पुत्र पतिराम गोंड, निवासी सेक्टर-4 आरओ पानी टंकी के पास, को चिल्ड्रेन पार्क के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹3,000 नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल, पीड़िता के नाम का आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी कस्बा सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पटेल, कांस्टेबल राहुल श्रीवास तथा कांस्टेबल जय सिंह शामिल रहे।





