@जेo केo/सोनभद्र…….

Sonbhadra । चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत नवटलिया टोला (तेलगुडवा-कोन मार्ग) पर शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब निर्माणाधीन सड़क से उड़ रही धूल और ठेकेदार की लापरवाही से परेशान लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया।
सुबह करीब 7 बजे लगाए गए इस जाम के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कामकाजी लोग, स्कूली बच्चे और बसों में सवार यात्री घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और संबंधित ठेकेदार से फोन पर संपर्क कर समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों—अमीत, रामप्रसाद, अमृत लाल, अर्जुन, अखिलेश, प्रिंस, दिलीप, संजय, चमेली देवी, अजय कुमार समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि तेलगुडवा से कोन तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे डाली गई मिट्टी को समतल या पानी का छिड़काव किए बिना ही छोड़ दिया गया है। इससे वाहनों के गुजरने पर भारी मात्रा में धूल उड़ती है, जो घरों में घुसकर लोगों का जीवन दूभर कर रही है। कई बार तो खाने-पीने की चीजों में भी धूल पहुंच जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ठेकेदार से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आक्रोशित होकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क पर नियमित रूप से दिन में कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्पीड ब्रेकर भी बनवाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।