@जेo केo/सोनभद्र……

Sonbhadra । घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बकौली गांव में दो बच्चों को अमानवीय सजा देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने गए दो नाबालिग बच्चों को एक काश्तकार ने पकड़ लिया और उन्हें तालिबानी अंदाज में सजा दी।
आरोपी ने दोनों बच्चों को ‘मुर्गा’ बनाकर उनकी पीठ पर चार-चार ईंट रख दीं, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक यातना झेलनी पड़ी।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर उनके परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।