@जेo केo/सोनभद्र…..

Sonbhadra । कोटा ग्राम पंचायत के अम्मा टोला में रविवार दोपहर करीब 1 बजे खलिहान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
इस आग में करीब 6 बीघा गेहूं, चना और जौ की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस घटना में खेत मालिक कृपा शंकर उपाध्याय और बटाईदार गोपाल केवट को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फसल जलने से उनके परिवार की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच और मुआवजे की मांग किया है, साथ ही स्थानीय लेखपाल को सूचना देकर मामले से अवगत कराया गया है।