रेणुकूट/सोनभद्र.@अमिताभ मिश्रा……

म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कोड़री में शनिवार को शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, कविता पाठ और नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संकुल प्रभारी विनय कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए नियमित मेहनत और अनुशासन बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति कुमारी ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती हैं। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान अश्वनी कुमार, सत्यनारायण, कुंजबिहारी, मनोज सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।