रेणुकूट/सोनभद्र.@अमिताभ मिश्रा…..

स्थानीय व्यापार मंडल चुनाव को लेकर शुक्रवार की शाम को वोटर लिस्ट के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने बाजार क्षेत्र में घूम-घूमकर व्यापारियों से संपर्क किया और वोटर लिस्ट में दर्ज नामों का मिलान किया। इस दौरान व्यापारियों को पहले से वितरित की गई पर्चियों का सत्यापन किया गया तथा रजिस्ट्रेशन अभिलेखों से उनका मिलान किया गया।
अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता का विवरण सही और प्रमाणित हो। बताया गया कि गुरुवार की शाम को लगभग 2200 मतदाताओं की सूची जारी की गई थी। हालांकि, सूची जारी होने के बाद कुछ व्यापारियों द्वारा इसमें त्रुटियों की आशंका जताते हुए सत्यापन की मांग की गई थी। इसी के चलते निर्वाचन टीम ने तत्परता दिखाते हुए शुक्रवार शाम से ही सत्यापन अभियान शुरू कर दिया। सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए यह सत्यापन जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों की संतुष्टि के बाद ही अंतिम मतदाता सूची को मान्य किया जाएगा। सत्यापन अभियान के दौरान बाजार में काफी हलचल देखने को मिली और बड़ी संख्या में व्यापारी अपने-अपने दस्तावेजों के साथ मौजूद रहे। निर्वाचन टीम द्वारा सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
स्थानीय व्यापारियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि निष्पक्ष मतदाता सूची से चुनाव प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी होगी।