मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……..

योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से प्रदेशव्यापी “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर सहित जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कायाकल्प योजना, डीबीटी योजना एवं निपुण भारत मिशन जैसी योजनाएं अत्यंत सफल रही हैं, जिनके सकारात्मक परिणामस्वरूप परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी (रॉबर्ट्सगंज) महेंद्र मौर्य, डीसी ट्रेनिंग जय किशोर वर्मा, डायट के प्रवक्ता गण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं एवं अन्य छात्र-छात्राएं तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।