दुद्धी/सोनभद्र.@मोहम्मद इब्राहिम……

दुद्धी नगर स्टेशन मार्ग पर स्थित कृपाओं की माता चर्च में गुड फ्राइडे के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ क्रूस मार्ग (क्रूसपथ) की विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभु यीशु मसीह के दुःखभोग को स्मरण करते हुए 14 मुकामों (स्टेशनों) के माध्यम से उनकी पीड़ा, त्याग और प्रेम को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत चर्च परिसर में एकत्रित होकर सामूहिक प्रार्थना से की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने क्रमशः 14 मुकामों पर जाकर प्रभु यीशु के क्रूस के मार्ग की घटनाओं का ध्यान किया। प्रत्येक स्थान पर संबंधित वचन पाठ, प्रार्थना तथा भक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण अत्यंत आध्यात्मिक एवं भावपूर्ण बना रहा।इस क्रूस मार्ग की भक्ति में विश्वासी जन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने गहन श्रद्धा और शांति के साथ प्रभु के दुःखभोग में सहभागी बनने का प्रयास किया।
फादर टाइट्स लोबो ने पूजा के दौरान विशेष प्रार्थना किया , जिसमें समस्त मानव जाति के कल्याण, शांति और प्रेम की भावना के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि प्रभु यीशु का बलिदान हमें प्रेम, क्षमा और सेवा का मार्ग दिखाता है, जिसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए।