संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल ग्राम पंचायत के दक्षिण टोला स्थित कोनिया नाला बंधी में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव पानी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल ग्राम पंचायत के दक्षिण टोला स्थित कोनिया नाला बंधी में शुक्रवार सुबह मानकुंवर (60 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय भैयाराम निवासी दक्षिण टोला किरबिल की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक मानकुंवर बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे किसी कार्य से घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को कोनिया नाला बंधी के किनारे मृतका की चप्पल और शॉल पड़े मिले। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बंधी में तलाश की, जहां उनका शव पानी में मिला। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बच्चालाल प्रजापति ने म्योरपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक श्रीराम यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।






