मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन….

शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में 22 मार्च (रविवार) को रॉबर्ट्सगंज के आदर्श इंटर कॉलेज में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहीदे आजम भगत सिंह जन चेतना संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालकों के लिए सुभाष चंद्र बोस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता तथा बालिकाओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई सामान्य ज्ञान एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के कुल 65 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतिभागियों ने चित्रकला में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाई।

प्रतियोगिता का परिणाम 23 मार्च को घोषित किया जाएगा। परीक्षा प्रभारी राजाराम दुबे ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष स्वर्ण जयंती चौक पर शहीदों का बलिदान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 23 मार्च को 551 दीप प्रज्वलित कर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम की विशेष बात यह रहेगी कि चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका के हाथों पहला दीप प्रज्वलित कराया जाएगा।
इस आयोजन में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, मां वैष्णो, विमला इंटरमीडिएट, आदर्श इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय रघुनाथपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल, आर्यन एकेडमी, गंगाराम बौद्ध शिक्षण संस्थान और चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के क्रांति सिंह, देवानंद पाठक, राकेश चौधरी, उमेश, परमानंद, रामचंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।