रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा….

हिण्डाल्को रेणुकूट सेफ्टी विभाग द्वारा 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 4 मार्च से 11 मार्च तक सुरक्षा सप्ताह बड़े ही धूम-धाम से मनाया गया। सप्ताह के अंतिम दिन संस्थान के सेफ्टी ग्राउंड में सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह भव्य रूप में आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि इस संस्थान के मुखिया समीर नायक रहे। वहीं मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह, रिडक्शन हेड जयेश पवार, एचआरबीपी हेड अजय सिन्हा एवं प्लांट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इस वर्ष की सुरक्षा प्रतियोगिता में फायर ड्रिल, रेस्क्यू एवं सीपीआर, सेफ्टी कविता ,सुरक्षा पहेली, ज्ञान प्रवाह, पीपीई यूजेज, सेफ्टी इनोवेशन, इन्सटेन्ट जेएसए, बीबीएसओ सहित कुल 11 प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनका सत्यापन वरिष्ठ निर्णायक मण्डल के सदस्यों द्वारा किया गया।
वहीं सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न प्लान्ट एवं विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ सुरक्षा से सम्बन्धित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता तथा कटिबद्धता को दिखाया। संस्थान में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर पूरे उत्साह पूर्वक भाग लिया।
फायर एण्ड सेफ्टी हेड जय तिवारी ने सभा में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा सुरक्षा माह के दौरान सम्पन हुई प्रतियोगिताओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि समीर नायक ने अपने सम्बोधन में सुरक्षा माह के दौरान उपस्थित सभी टीमों एवं उनके प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने संविदाकार सुरक्षा प्रबंधन एवं सुरक्षा की नई कार्य संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी मिलकर ही अपने संस्थान को सुरक्षित बना सकते हैं तथा जीरो हार्म के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
इसके उपरान्त विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समीर नायक, जसबीर सिंह, जयेश पवार, हिमांशु श्रीवास्तव, अजय सिन्हा, जय तिवारी, तपन पाल, कर्नल (सेनि.) रोहित शर्मा, मधुस्मिता साहू एवं कैलाश प्रधान ने पुरस्कार तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया।
इस वर्ष सर्वाधिक प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज करके रिडक्शन प्लांट “चैंपियन ऑफ द सेफ्टी वीक“ का खिताब प्राप्त किया जबकि रनर ट्रॉफी फैब्रिकेशन प्लान्ट को मिली। समारोह का संचालन ममता गुप्ता ने किया और अन्त में कौशल राय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।