@जे0 के0……

Sonbhadra। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता एवं ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान 11 एवं 12 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले पीडीए सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का मानना था कि सत्ता का धर्म जनता के प्रति जवाबदेही है, केवल प्रचार नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।

राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल तथा परमेश्वर दयाल ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का समाजवाद सत्ता के अहंकार के सामने सच बोलने का साहस देता है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। गरीबों का कल्याण ही समाजवाद का मूल उद्देश्य है। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी इन्हीं समाजवादी मूल्यों पर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, वेदमणि शुक्ला, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, लाल बहादुर पाल, रामप्यारे सिंह पटेल, गीता गौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









