@जे0 के0…..

Sonbhadra। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को लेकर कार्यशाला बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी अनिल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अजीत रावत ने किया।
मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान राष्ट्रीय चेतना का पर्व बन चुका है। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट माध्यमों से भी अभियान को व्यापक बनाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष नन्द लाल ने बताया कि अभियान के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर टीमों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 10 से 15 अगस्त तक जनपद में व्यापक स्तर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा।

इसके अंतर्गत तिरंगा यात्रा, शहीद स्थलों पर स्वच्छता अभियान, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम तथा सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही देश की सेवा में बलिदान देने वाले वीर जवानों एवं पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित करने का भी कार्यक्रम रहेगा।
बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर चुर्क नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव, दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल, शम्भू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, विशाल पाण्डेय, महेश्वर चन्द्रवंशी, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, शारदा खरवार, जिला मंत्री अनिल सिंह, सुषमा गोड, प्रमिला जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, कार्यालय मंत्री बलराम सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








