मुख्यालय संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

रॉबर्ट्सगंज नगर के सीएमओ कार्यालय के पास स्थित श्री राम जानकी मंदिर एवं संकट मोचन मंदिर के सामने पुराने सरकारी चिकित्सालय के आवासीय परिसर में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से नियमित कूड़ा उठान और सफाई नहीं होने से परिसर में गंदगी का अंबार लग गया है।

बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है।परिसर में रहने वाले सुनील कुमार ने नगर पालिका परिषद और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सफाईकर्मियों के नियमित न आने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, नालियां जाम हो गई हैं और घास-फूस उग आने से गंदगी बढ़ गई है।

परिसर में लगा डस्टबिन भी कभी-कभार ही खाली किया जाता है। शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने तथा जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा बना हुआ है।

कृष्ण मुरारी पांडेय, उर्मिला देवी, वैद्यनाथ, बिहार, सुनील कुमार, संजय कुमार व अन्य निवासियों ने नगर पालिका परिषद से पुराने चिकित्सालय आवासीय परिसर में नियमित सफाई, प्रतिदिन कूड़ा उठान और नालियों की सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।








