बीजपुर/सोनभद्र. @रामबली मिश्रा….

बीजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसोती-पुनर्वास मार्ग पर रविवार सुबह हुई दर्दनाक घटना के मामले में सोमवार को पुलिस ने औपचारिक रूप से प्रथमिकी दर्ज कर ली है। यह घटना रविवार को सुबह घटित हुई थी जब एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया था।तहरीर के अनुसार बोलेरो गाड़ी सिरसोती से आ रही थी और पुनर्वास की ओर जा रही थी।
चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए चार गायों पर गाड़ी चढ़ा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।पीड़ित पशुपालकों रामसजीवन गुप्ता और अन्य ग्रामीण ने बताया कि घायल मवेशियों में एक बछड़ा और एक गर्भवती गाय शामिल है।स्थानीय लोगों के अनुसार घायल पशुओं की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उनके बचने की संभावना बहुत कम है।
हादसे के बाद चालक मवेशियों के ऊपर ही गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया था।सोमवार को इस मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता रामसजीवन गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वाहन नंबर और चश्मदीदों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।