संवाददाता@सतीश कुमार……

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार बायपास रोड निवासी अरविन्द कुमार केशरी ने 19 जुलाई 2026 को शीतला चौक स्थित अपनी दुकान के सामने खड़ी काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP64 AD 9398) चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 632/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान शीतला चौक पुलिस बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मीरजापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के मेढ़रा गांव निवासी नागेश्वर पाण्डेय उर्फ दल्लू (35) की पहचान की और 28 जुलाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घोरावल रोड स्थित कम्हारी गांव के पास हनुमत सोलर सेल की दुकान के समीप से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने बुधवार को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार, सोनभद्र भेज दिया गया।





