घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी……

तहसील क्षेत्र के जोगिनी ग्राम पंचायत के लोढ़ौता गांव में हाइवोल्टेज करेंट से जिंदा जलने वाले संविदा लाइनमैन से का शव शनिवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घोरावल रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर पिकअप गाड़ी में रख कर जाम लगा दिया।
बताते चलें कि कर्मा थाना क्षेत्र के बीसहार गांव निवासी संतोष (46) पुत्र चिंता घोरावल उपखंड क्षेत्र के बिसरेखी फिडर पर संविदा लाइनमैन था। बृहस्पतिवार को शाम करीब 7 बजे वह शट डाउन लेकर लोढ़ौता गांव में पोल पर चढ़ कर काम कर रहा था। उसने विभाग से शट डाउन करवाया था। लेकिन काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की सप्लाई चालू कर दी गई।
संतोष खंभे पर ही बुरी तरह से जल गया। बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार देर रात उसकी मौत हो गई।इस मामले में पूर्वांचल के प्रबंध निदेशक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता को सस्पेंड किया है और 2 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। वहीं अधिशासी अभियंता और एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
उधर शुक्रवार को वाराणसी मैं पोस्टमार्टम के बाद संतोष का शव देर रात बिसहार गांव पहुंचा।शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे ग्रामीण और परिजन पिकअप में शव लेकर खरूआंव पहुंचे।आक्रोशित परिजनों ग्रामीणों ने शव लदे नदी पिकअप को खरूआंव में रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।जाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में अफरा तफरी मच गई।
परिजनों की मांग थी कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 25 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रवीण सिंह और सीओ सदर राज सोनकर ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटवाया और मौके पर ही 25 हजार रुपए की सहयोग राशि दिया।इस मौके पर कर्मा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, घोरावल चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय, उभ्भा चौकी प्रभारी आशुतोष राय, बिजली विभाग के जेई राजेंद्र बिंद इत्यादि मौजूद रहे।