रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा स्थित राधा कृष्ण मंदिर, मुर्धवा के समीप गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ चल रहे अन्य दो लोग भी चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरी थाना क्षेत्र के निहाईपाथर निवासी नवरत्न (60 वर्ष) अपनी पत्नी सुखमनिया (55 वर्ष) और भतीजे पवन (19 वर्ष) के साथ बाइक से हथवानी स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर के समय जब वे राधा कृष्ण मंदिर के समीप कट स्टोन से बनी सड़क से गुजर रहे थे, तभी ट्रक से पास लेने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया नवरत्न के पैर पर चढ़ गया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों व समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पिकअप वाहन से तत्काल हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नवरत्न की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पवन को भी बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है, जबकि सुखमनिया की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।