म्योरपुर/सोनभद्र. @संदीप अग्रहरी…..

स्थानीय वन रेंज क्षेत्र के सांगोबांध में पांगन नदी से अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को वन विभाग ने पकड़कर रेंज परिसर में लाकर बुधवार को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
म्योरपुर रेंज में वन विभाग को सांगोबांध क्षेत्र में पांगन नदी से लगातार अवैध बालू खनन और उसके परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने बुधवार को मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर को बालू लादकर ले जाते हुए पकड़ा गया। टीम ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय परिसर में खड़ा करा दिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से पांगन नदी से बालू का अवैध दोहन किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। कार्रवाई के दौरान रेंजर जबर सिंह यादव, वन दरोगा श्यामकांत बिंद, विद्या पाण्डेय, गोविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में वन कर्मी मौजूद रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।