संवाददाता@विष्णु कुशवाहा….

रॉबर्ट्सगंज नगर के ब्रह्मनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह 9:00 बजे की घटना में विद्युत विभाग के एक संविदाकर्मी 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से घायल हो गए। घायल की पहचान अवधेश पासवान (पुत्र त्रिभुवन पासवान) के रूप में हुई है।

राहत की बात यह रही कि उन्हें हाथ और पैर में हल्की चोटें आई हैं तथा उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, ब्रह्मनगर स्थित ट्रांसफार्मर के पास कार्य के दौरान अवधेश पासवान अचानक 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे उनके हाथ और पैर हल्के झुलस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना के तुरंत बाद आनंद खनन के कर्मचारियों एवं बिजली विभाग के अन्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल संविदाकर्मी को जिला अस्पताल, सोनभद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सकों के अनुसार अवधेश पासवान की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।





