संवाददाता@संजय सिंह…..
— छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा व प्रधानमंत्री राहत योजना की दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को डीएवी इंटर कॉलेज, चुर्क तिराहा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन तथा प्रधानमंत्री राहत योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेन्द्र सिंह एवं उपनिरीक्षक यातायात तीरथलाल ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री राहत योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। आमजन बिना किसी भय या संकोच के घायल व्यक्ति की मदद कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रावधानों एवं सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी जानकारी दी गई।

अंत में यातायात प्रभारी ने सभी छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित हो।
सोनभद्र पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।





