म्योरपुर/सोनभद्र. @संदीप अग्रहरी……

स्थानीय वन रेंज अंतर्गत गड़िया ग्राम पंचायत के तिनहुनियां टोला स्थित जंगल क्षेत्र में वन भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम सख्ती से कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर बन रहे कच्चे मकान को भी गिरा दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
बताया गया कि तिनहुनियां टोला के जंगल में कुछ लोगों द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर जुताई किए जाने और कच्चा मकान बनाए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने वन विभाग से की थी। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएफओ को पत्र लिखकर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि कुछ ग्रामीणों के साथ वन विभाग का एक कर्मी भी इस अवैध गतिविधि में संलिप्त है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया था कि अवैध निर्माण के लिए जंगल से पेड़ों की कटान कर उनकी लकड़ियों का उपयोग किया जा रहा है।

जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने वन भूमि से अतिक्रमण हटवाने, अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा काटी गई लकड़ियों को रेंज परिसर में जमा कराने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ के निर्देश पर रेंजर जबर सिंह यादव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वन भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। इस दौरान निर्माणाधीन कच्चे मकान को भी ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के बाद रेंजर जबर सिंह यादव ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति वन भूमि पर अवैध कब्जा करता या पेड़ों की कटान करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन भूमि की सुरक्षा और संरक्षण वन विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन विभाग की कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
