चोपन/सोनभद्र. @कृपा शंकर पांडेय……

केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के तत्वाधान में आज दिनांक 06 फरवरी 2026 को जनपद सोनभद्र के चोपन विकास खंड सभागार में “स्थानीय भूजल प्रबंधन” विषय पर एक जन संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर भूजल संरक्षण, प्रबंधन एवं जनभागीदारी को सुदृढ़ करना रहा ।
कार्यक्रम में रवींद्र वीर, उपायुक्त (श्रम एवं रोजगार), जनपद सोनभद्र; अजीत यादव, खंड विकास अधिकारी, चोपन; तथा काशीराम ठाकुर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मनरेगा के तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम प्रधान/सरपंच, पंचायती राज विभाग एवं डीआरडीए के कार्मिक सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में 125 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 20 से अधिक महिलाएं सम्मिलित थीं ।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भूजल संबंधी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई । केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड के वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन एवं समाधान संबंधी सुझाव प्रदान किए गए। जगदंबा प्रसाद, वैज्ञानिक-डी एवं अवधेश कुमार, सहायक भूजल वैज्ञानिक ने प्रतिभागियों से संवाद स्थापित करते हुए भूजल प्रबंधन के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डाला । मुकेश आनंद, वैज्ञानिक-सी ने वर्ष 2024-25 के दौरान जनपद सोनभद्र के दूद्धी, बभनी एवं मयोरपुर विकास खंडों में संपन्न राष्ट्रीय जलभृत मानचित्रण अध्ययन के निष्कर्षों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया एवं कार्यक्रम का सफल संचालन भी किया ।
कार्यक्रम का आयोजन संदीप कुमार स्वरूप, क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) तथा डॉ. रंजीत कुमार प्रसाद, वैज्ञानिक-डी, केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ ।