अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह….

ऊर्जांचल प्रेस क्लब द्वारा सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए शनिवार को बुजुर्ग, अत्यंत असहाय एवं दिव्यांग जनों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल का उद्देश्य कड़ाके की ठंड से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जांचल प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर वृद्ध, असहाय, दिव्यांग एवं बेसहारा लोगों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर राहत और संतोष स्पष्ट रूप से देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष अनपरा प्रमोद शुक्ला ने ऊर्जांचल प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

ऊर्जांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार आर.पी. सिंह ने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना क्लब की प्राथमिकता है। ठंड के मौसम में असहाय, बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों की सहायता करना मानवता का धर्म है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष अनपरा बृजेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्ग, असहाय एवं दिव्यांगजनों की सेवा करना सबसे पुनीत कार्य है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें, ताकि समाज में कोई भी व्यक्ति अभाव के कारण पीड़ित न रहे।
वहीं समाजसेवी मधुसूदन सिंह एवं कोषाध्यक्ष रंग बहादुर यादव ने ऊर्जांचल प्रेस क्लब की पत्रकार टीम की सराहना करते हुए ऐसे सामाजिक कार्यों को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सब-इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, अजय दृवेदी, लालबाबू गुप्ता, जी.एन. केशरी, मंडल महामंत्री अरिसूदन श्रीवास्तव, रामचंद्र विश्वकर्मा, बबलू पांडे सहित क्लब के महामंत्री पत्रकार चंद्रमौली मिश्रा, अशोक तिवारी, जगदीश साहनी, गजेंद्र गुप्ता, अनिल निषाद, अशोक गोयल, उमेश सिंह, रोशन शर्मा, संजय दुबे, राजीव नयन सिंह एवं एसएसपीएल के प्रबंधक वेंकटेश रेड्डी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आर.पी. सिंह ने की, जबकि संचालन बबलू पाण्डेय द्वारा किया गया।