रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..
— बीजपुर मार्ग पर 27 घंटे बाद खुला जाम

बीजपुर मार्ग पर रनटोला गांव के समीप शुक्रवार शाम से लगा भीषण जाम आखिरकार शनिवार की शाम करीब 7 बजे खुल सका। लगभग 27 घंटे तक चले इस जाम ने आम लोगों के साथ-साथ मालवाहक ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ा दी थी। जाम खुलने के बाद क्षेत्रवासियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार की शाम भिलाई से ट्रेन का इंजन लेकर जा रहा एक ट्रेलर रनटोला गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया था। सड़क संकरी होने और ट्रेलर पर भारी ढांचा लदा होने के कारण मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो धीरे-धीरे करीब 10 किलोमीटर तक फैल गई। जाम की गंभीरता को देखते हुए हिंडालको प्रबंधन से एक बड़ी क्रेन और दो छोटी क्रेन शनिवार की शाम लगभग 4 बजे मौके पर मंगाई गईं। शनिवार को क्रेन पहुंचने के बाद लगातार करीब तीन घंटे तक अथक प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और उस पर लदे भारी हिस्से को सुरक्षित रूप से सड़क पर लाया गया। इसके बाद मार्ग से अवरोध हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
27 घंटे तक फंसे रहने के कारण मालवाहक ट्रक चालकों को खाने-पीने और आराम की भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं निजी वाहन चालकों और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने या घंटों इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा। जाम खुलते ही रुके हुए वाहनों का धीरे-धीरे आवागमन शुरू हुआ और स्थिति सामान्य होने लगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेणुकूट–बीजपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क की संकरी चौड़ाई के चलते अक्सर ऐसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए स्थायी समाधान और त्वरित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को लंबे जाम से न जूझना पड़े।