रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

यातायात माह के तहत शनिवार को पुलिस प्रशासन द्वारा रेणुकूट मुख्य चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात पुलिस के उप निरीक्षक उमेश बर्मा एवं रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के दौरान आने-जाने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहनों की क्रमवार जांच की गई।
इस बीच तेज और कर्कश आवाज करने वाले 5 बुलेट मोटरसाइकिलों के मोडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटवा दिए गए। नियम विरुद्ध बदलाव करने वाले वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि आगे से इस प्रकार यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग के दौरान कागजात में कमी, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने, ओवरलोडिंग तथा अन्य उल्लंघनों के मामले में लगभग 60 वाहनों का चालान किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मुख्य चौराहे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और कई वाहन चालक नियमों का पालन करते हुए सतर्क दिखाई दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के दौरान ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिसका उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।