संवाददाता@बद्री प्रसाद…..

गुरमा चौकी क्षेत्र के मकरीबारी-धौराडीह बांध में बुधवार सुबह एक 80 वर्षीय वृद्ध का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान रामअवतार गोंड, पुत्र स्व. रामसनेही, निवासी कनछ के रूप में हुई है।

बताया गया कि रामअवतार गोंड अपनी बेटी गीता देवी और दामाद सीताराम के साथ मारकुंडी पेडरहवा में रह रहे थे। मंगलवार शाम वह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह मकरीबारी-धौराडीह बांध में उनका शव उतराता मिला।

घटना की सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी श्री प्रकाश हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की तीन पुत्रियां बताई गई हैं। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।







