@ जे0 के0……..
— लाइनमैन राजाबाबू को निष्काषित करने और जेई अरुण पाल को स्पष्टीकरण हुआ जारी
— बीते 3 अगस्त को करंट लगने से बिजली पोल पर ही बेहोश हुआ था शख्स

SONBHADRA । घोरावल ब्लॉक के खतौली ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में संविदा लाइनमैन ने एक प्राइवेट व्यक्ति को बिजली के पोल पर काम करने के लिए चढ़ा दिया। इसी दौरान युवक करंट की चपेट में आकर पोल पर ही बेहोश हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि घटना तीन अगस्त की है। आरोप के मुताबिक विनोद पासवान नामक प्राइवेट व्यक्ति को बिजली के पोल पर काम करने के लिए चढ़ाया गया था। काम के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और पोल पर ही बेसुध हो गया।

वायरल वीडियो में युवक को पोल पर बेहोशी की हालत में देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मामले में आरोप है कि मौके पर संबंधित जेई अरुण पाल, संविदा लाइनमैन राजा बाबू समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इसके बावजूद कथित तौर पर प्राइवेट व्यक्ति से बिजली के पोल पर काम कराया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपीपीसीएल के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता के अनुसार संविदा लाइनमैन द्वारा प्राइवेट व्यक्ति से बिजली के पोल पर काम कराया जाना सामने आया है।

संबंधित फर्म को संविदा लाइनमैन राजा बाबू को तत्काल निष्कासित करने का पत्र जारी किया गया है। वहीं जेई अरुण पाल से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

अधीक्षण अभियंता ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना ने बिजली जैसे संवेदनशील कार्य में सुरक्षा मानकों और विभागीय निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







