@जे0 के0…..

SONBHADRA। बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक को रस्सी से बांधकर अर्द्धनग्न हालत में गांव में घुमाने के मामले में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही बरतने के आरोप में क्षेत्रीय दरोगा अखिलेश पाठक और हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम को निलंबित कर दिया है।

करकच्छी गांव में गुरुवार दोपहर गाली-गलौज के आरोप में कुछ लोगों ने भोला प्रसाद नामक युवक के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि इसके बाद उसके हाथ रस्सी से बांध दिए गए और जूते की माला पहनाकर अर्द्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया। घटना का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और लापरवाही की जांच के निर्देश दिए थे।
मामले में बभनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की ओर से प्रकरण में आगे भी कार्रवाई जारी बताई जा रही है।

मारपीट की घटना में भोला प्रसाद के अलावा उसके परिजन सरजू और कौशल्या को भी चोटें आई थीं। गंभीर रूप से घायल भोला प्रसाद का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार के लोग काफी आहत हैं।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने मामले में पुलिस स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय दरोगा अखिलेश पाठक और हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम को निलंबित कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में जिम्मेदार अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।







