मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन……
— नवनियुक्त पदाधिकारियों ने नेतृत्व का जताया आभार, गांव-गांव संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

राष्ट्रीय लोकदल के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने संगठन को और अधिक मजबूत व गतिशील बनाने के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में चंद्रभान सिंह पटेल को राष्ट्रीय लोकदल किसान प्रकोष्ठ सोनभद्र का जिलाध्यक्ष तथा पवन शुक्ला को युवा राष्ट्रीय लोकदल प्रयागराज क्षेत्र का मुख्य महासचिव नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति पर राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व प्रदेश सचिव राम सेवक सिंह ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी किसानों, युवाओं और आमजन की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।

युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना पार्टी नेतृत्व की दूरदर्शी सोच है। इससे सोनभद्र और प्रयागराज क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

नवनियुक्त युवा आरएलडी प्रयागराज क्षेत्र के मुख्य महासचिव पवन शुक्ला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।

वहीं किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह पटेल ने कहा कि किसानों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाना और संगठन को प्रत्येक गांव तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

इस दौरान अशोक देव, उमाकांत देव, प्रभुनारायण, घमेन्द, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सचिन गुप्ता, छात्र प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सूरज चौबे, गुड्डू माली और विजय केशरी समेत कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।









