संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

मुर्धवा स्थित सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल में सोमवार को भव्य एवं गरिमामय अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, कर्तव्यबोध एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रॉबर्ट्सगंज के प्रधानाचार्य जीएन गोस्वामी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य आकाश सिंह मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य ने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को उनके पद एवं दायित्वों से अलंकृत किया।

समारोह में विद्यालय के कप्तान आकाश राय और उपकप्तान जाह्नवी मिश्रा के साथ मुख्य छात्र शिवांश सिंह तथा मुख्य छात्रा आराध्या सिंह को पद एवं दायित्व सौंपे गए। इसके अलावा छात्र परिषद के अन्य सदस्यों और विभिन्न कक्षाओं के कक्षा कप्तानों का भी चयन कर उन्हें अलंकृत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन एवं मूल्यों को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली।

मुख्य अतिथि जीएन गोस्वामी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और नेतृत्व के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन आशीष सिंह, प्रबंधक मुकेश सिंह, प्रधानाचार्य आकाश सिंह और प्रधानाध्यापिका गायत्री पांडेय सहित
शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के समापन पर विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्व भावना का संचार हुआ।









